संवाददाता : नीलेश एन.के.डी.
मोंठ : शारदीय नवरात्रि प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को थाना मोंठ परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने की।
बैठक में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजकों, कमेटी सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी से आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक ने प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस ने त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
