झांसी दि०- 12 अक्टूबर 2026 मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबीना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सेवाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का मुआयना किया।
निरीक्षण के समय इमरजेंसी में डॉ. श्याम सिंह मरीजों का चिकित्सा उपचार करते हुए उपस्थित मिले। वरिष्ठ लिपिक श्री देवेंद्र शर्मा अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान एनएचएम संविदा स्टाफ हड़ताल पर थे।
सीएमओ ने सर्वप्रथम जेएसवाई वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं सिमरावारी निवासी श्रीमती रश्मि तथा शंखमुखी निवासी बबीना से उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार आहार दिया जा रहा है। सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को निर्देशित किया कि जेएसवाई वार्ड की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।
इसके उपरान्त सीएमओ ने प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टाफ नर्स श्रीमती अर्पणा द्वारा बताया गया कि दिनांक 01 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक कुल 10 प्रसव कराए गए हैं। निरीक्षण के समय स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ आशा गौड़ उपस्थित थीं। सीएमओ ने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। फार्मासिस्ट श्रीमती सुधा के अनुसार, ई-औषधि प्रणाली में दर्ज 241 दवाओं के सापेक्ष 230 दवाएं उपलब्ध थीं। आगामी एक्सपायरी वाली दवाओं का विवरण भी समय से अंकित करने के निर्देश दिए गए, जिससे दवाओं की समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित हो सके।
मरीजों के पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन करने पर दिनांक 12 अक्टूबर 2026 तक कुल 250 मरीजों के नाम पंजीकृत पाए गए।
दंत चिकित्सा कक्ष के निरीक्षण के दौरान डेंटल हाइजीनिस्ट श्री संजय भार्गव द्वारा बताया गया कि 12 अक्टूबर 2026 को कुल आठ मरीजों को देखा गया।
सीएमओ डॉ शिशिर पुरी ने निर्देशित किया कि चिकित्सालय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता एवं नियमित निगरानी तथा अभिलेखों का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के समय डॉ अंशुमान तिवारी ब्लॉक नोडल अधिकारी बबीना तथा डॉ सुमित मिसुरिया अधीक्षक बबीना उपस्थित रहे।
