गुरसरांय(झांसी)। डॉ. राम मनोहर लोहिया महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत युवा विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार,स्वरोजगार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु एक संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जमीनी स्तर पर नए संस्थान एवं स्टार्टअप स्थापित करने,स्वरोजगार अपनाने तथा उत्तम स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए एक ही मंच पर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि सतीश चन्द्र चौरसिया,प्लास्टिक रिसाइक्लिंग विशेषज्ञ धर्मेंद्र यादव तथा सीएचसी प्रभारी गुरसरांय डॉक्टर ओपी राठौर एवं डॉक्टर अर्पणा तोमर ने छात्राओं को संबोधित किया।अतिथियों ने नए विचारों को धरातल पर उतारने,प्लास्टिक रिसाइक्लिंग के जरिए उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए नवाचार व स्वरोजगार से जुड़ी बारीकियों को समझा। सतीश चन्द्र चौरसिया ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए जागरूक किया।धर्मेंद्र यादव ने प्लास्टिक के उचित प्रबंधन,रीसाइक्लिंग एवं पुनः उपयोग के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गुरसरांय डॉक्टर ओपी राठौर ने छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।महाविद्यालय की प्राचार्य पिंकी सिंह ने अपने संबोधन में छात्राओं को बदलते दौर में नए अवसरों को पहचानने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नवाचार और स्वरोजगार ही भविष्य की नींव हैं, इसलिए छात्राओं को अपनी सोच को व्यापक बनाकर नए क्षेत्रों में कदम बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम के आयोजन में सुनीता गुप्ता,रश्मि नायर,शिवम पाण्डेय तथा ठाकुर दास का विशेष योगदान रहा। मंच का कुशल संचालन प्रीती अरजरिया ने किया,जबकि कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त डॉ. धीरज दीक्षित द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. बीरेन्द्र सिंह, डॉ.अजय सिंह,नीलेश यादव,आरपी निरंजन,पूजा सोनी, शारदा सिंह चौहान,राम राजपूत,गुलाब राय शर्मा,दीपक यादव,राम लला यादव,जय प्रताप सिंह,अरविंद नामदेव,ब्रिजेंद्र सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
