““सोशल मीडिया व धरना प्रदर्शनों पर रखें विशेष नजर, माहौल खराब करने वालों पर करें कड़ी कार्यवाही- आई०जी० झाँसी”
“क्षेत्र में स्थापित श्री गणेश पाण्डालों का भ्रमण कर पुख्ता करें सुरक्षा व्यवस्था साथ ही मूर्ति विर्सजन को लेकर बरते विशेष सर्तकता”
“भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंटी-रोमियो स्क्वाड एवं सादे कपड़ों में पुलिस टीम रहे तैनात”
झाँसी- आज दिनांक 21-09-2026 को श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र, झाँसी श्री आकाश कुलहरि महोदय द्वारा झांसी परिक्षेत्र के जनपद झांसी, जालौन व ललितपुर के जनपद प्रभारियों के साथ कैम्प कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आहूत की गयी। जिसमें शासन की मंशा के अनुरूप जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये।
अपराध समीक्षा बैठक के दौरान जघन्य अपराधों, संगठित अपराधों, महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित अपराधों, सम्पत्ति सम्बन्धी अपराधों आदि की समीक्षा कर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु कार्ययोजना बनाकर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
आगामी त्योहारों व अन्य कार्यक्रमों आदि के दृष्टिगत जनपद की शांति एवं सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाये रखने हेतु विशेष सतर्कता, पैदल गश्त/चेकिंग, यातायात रूट चार्ट आदि के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए गये हैं।
➡️ रेन्ज के सभी जनपद प्रभारी/अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी प्रत्येक दिवस कार्यालय में बैठकर जन सुनवाई करना सुनिश्चित करें तथा थाने पर पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी से अच्छा व्यवहार करें तथा महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करना सुनिश्चित करें। थानों पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का पारदर्शी ढंग से निस्तारण हो।
➡️ आगामी त्यौहार गणेश चतुर्थी, विजयदशमी समेत अन्य मेलों/जुलूसों व आयोजनों के दृष्टिगत रेंज के जनपदों में भीड़भाड़ वाले इलाके, बाजारों आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस प्रबन्ध की समस्त तैयारियों को पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये गए साथ ही क्षेत्र में स्थापित श्री गणेश पाण्डालों का भ्रमण कर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था व मूर्ति विर्सजन को लेकर विशेष सर्तकता बरतने के निर्देश दिए गए है ।
➡️ लंबित विवेचनाओ की सूची बनाकर राजपत्रित अधिकारी विवेचको को अलग से समीक्षा कर विवेचनाओ के शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गये है । जिन विवेचनाओं में अभियुक्तों की गिरफ्तारी/बरामदगी हो चुकी है तथा कोई अन्य कार्यवाही शेष नहीं है, उनमें विवेचनाधिकारी अनावश्यक विलम्व न करें तथा यथाशीघ्र विवेचनाओं का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
➡️गैंगस्टर एक्ट में पंजीकृत अभियोगों में धारा 14 (1) के अंतर्गत सम्पति जब्तीकरण की कार्यवाही में वांछित / वारन्टी / टॉप टेन/अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी व उनकी की सतत् निगरानी कराने तथा अवैध विस्फोटक पदार्थों, अवैध शस्त्रों की बरामदगी, अवैध शराब निर्माण व बिक्री, जुआ, सट्टा के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जाये। किसी भी दशा में अवैध शराब अवैध मादक पदार्थों की बिक्री न हो । अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध गैंगस्टर/गुण्डा एक्ट की कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। सभी प्रकार के अपराधों में संलिप्त माफियाओं को चिन्हित करने तथा उनके विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
➡️ महोदय द्वारा रेंज के जनपदों में अवैध शस्त्र, अवैध आतिशबाजी निर्माण एवं भण्डारण, अवैध शराब व पशु तस्करों, अवैध खनन सहित आदि पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी सतत निगरानी व सत्यापन कर सक्रिय दुर्दांत अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही के साथ ही उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
➡️ महोदय द्वारा रेंज के जनपदों में अज्ञात में पंजीकृत अभियोगों का अनावरण कर घटना में संलिप्त अभियुक्तों को प्रकाश में लाकर गिरफ्तार कराते हुए विवेचनाओं के शीघ्र अतिशीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया है।
➡️ महोदय द्वारा रेंज के जनपदों में सभी थानों में माल मुकदमाती के शीघ्र अतिशीघ्र निस्तारण, NDPS मालों व अवैध सामग्री का विनिष्टिकरण कराकर निस्तारण कराये जाने के निर्देश दिए गए है।
➡️ नाबालिक बच्चों/गुमशुदाओं/अपहृताओं की सकुशल/शीघ्र बरामदगी हेतु टीमें गठित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। पोस्टमार्टम/पंचायतनामा रजिस्टर को अध्यावधिक कर गुमशुदाओं के डाटा मिलान हेतु आवश्यक कार्यवाही करें।
➡️ संगठित/गम्भीर अपराधों के अभियुक्त जैसे हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरों, मादक पदार्थ तस्करों आदि के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्यवाही करने तथा गैंगस्टर के अभियुक्तों के विरूद्ध धारा 14(1) अंतर्गत संपत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही के निर्देश दिए गये।
➡️ प्रमुख बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंटी-रोमियो स्क्वाड एवं सादे कपड़ों में पुलिस टीम तैनात रहे। मिशन शक्ति’ के तहत चौपालों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों एवं हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 1098, 1076) के प्रति जागरूक किया जाए।
➡️ शासन के निर्देशानुसार चिन्हित अपराधों में दोषियों को मा0 न्यायालय से सजा दिलाए जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान “आपरेशन कन्विक्शन” के तहत अभियोजक व मानिटरिगं सेल द्वारा समन्वय स्थापित कर प्रभावी पैरवी कराएं जिससे अपराधियों को अविलंब व अधिकतम सजा दिलाई जा सके ।
➡️आईजी महोदय द्वारा जनपद प्रभारियों को परिक्षेत्र के जनपदों में अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने हेतु निर्देश दिए गए साथ ही विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को जागरूक करतें हुए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाये जाने हेतु को निर्देशित किया गया है।
➡️ सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर भ्रामक व भड़काऊ सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए । जातिगत विद्वेष फ़ैलाने वालों, देश के महापुरुषों एवं गणमान्य नागरिकों पर आपत्तिजनक टिपण्णी करने वालों एवं किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक/भ्रामक पोस्टों के प्राप्त होने पर उच्चाधिकारियों को संज्ञानित करते हुए तत्काल प्रभाव से उसका खंडन किया जाए तथा माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है ।
➡️ साइबर अपराधों के बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाकर जनता को सावधान/सतर्क रहने हेतु जागरूक करते हुये आमजन को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने एवं किसी अनजान एप को इन्स्टॉल न करने, सोशल मीडिया के एकाउण्ट पर प्राइवेसी लगाकर रखने, किसी से ओटीपी शेयर न करने, अनजान नम्बरों से आने वाली कॉल पर बात करते समय साइबर ठगी से सावधान रहने के साथ ही अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक जालौन श्री विनय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ललितपुर श्री संजीव कुमार वाजपेई, प्रभारी ए.डी. श्री हवलदार सिंह यादव, जेडओ श्री रविन्द्र सिंह, सीओ एलआईयू श्री अनिल कुमार पाण्डेय, एआरओ(रेडियो) श्री अखिलेश सिंह आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।
