मोंठ, झांसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर झांसी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत सोमवार को अग्रज सरस्वती इंटर कॉलेज, कस्बा मोंठ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा की उपस्थिति में थाना मोंठ की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के साथ-साथ साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, दहेज प्रतिषेध तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर बुलिंग अथवा अन्य अपराध की स्थिति में घबराने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या को अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान पुलिस द्वारा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनके इस्तेमाल की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और समाज में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम का आभार व्यक्त किया।
