झांसी/चिरगांव। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरगांव थाना पुलिस ने हत्या के मामले में चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल कुल्हाड़ी भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार थाना चिरगांव में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 215/2026 में प्रारंभिक तौर पर धारा 109, 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में घायल नरेंद्र राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। विवेचना के दौरान तीन अन्य अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आने पर पुलिस ने मामले में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बृजेन्द्र अहिरवार (27), मनोज अहिरवार (34), चतुर सिंह (59) और देवेन्द्र (40) सभी निवासी ग्राम बरल, थाना चिरगांव को गुरसराय रोड पर ग्राम दबरा बुजुर्ग के पास बने प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त बृजेन्द्र अहिरवार के पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। चारों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय झांसी के समक्ष पेश किया गया।पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में बताया गया है।
