गुरसरांय(झांसी)।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शिशिर पुरी के कुशल मार्गदर्शन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर ओपी राठौर के कुशल नेतृत्व में गुरसरांय ब्लॉक क्षेत्र में सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान पूरे उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को विशेष अभियान चलाकर ब्लॉक क्षेत्र की 150 से अधिक पात्र किशोरियों को एचपीवी की वैक्सीन लगाई गई। इसके साथ ही गुरसरांय ब्लॉक में अब तक कुल 400 से अधिक किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और सत्र स्थलों पर पहुंचकर 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं बेटियों का सुरक्षा चक्र मजबूत करने में जुटी हुई हैं।
फील्ड में उतरी विशेषज्ञों की टीम,अभिभावकों को किया जागरूक
अभियान की गति बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष निगरानी टीम लगातार क्षेत्र में मुस्तैद रही। सहायक शोध अधिकारी डॉ. अनुराग गुप्ता,बीपीएम सत्येंद्र तिवारी,कोल्ड चेन हैंडलर विष्णु आर. एवं सुपरवाइजर आनंद कुमार ने खुद धरातल पर उतरकर टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण व मॉनिटरिंग की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभिभावकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने वैक्सीन से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रांतियों और हिचकिचाहट को दूर करते हुए माता-पिता को अपनी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया। अधिकारियों की इस सफल काउंसलिंग का ही नतीजा रहा कि बड़ी संख्या में अभिभावक स्वयं आगे आकर अपनी बेटियों को टीका करवाने सत्र स्थलों पर पहुंचे।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सुरक्षित और असरदार है टीका
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर ओपी राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी है। यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से किशोरियों को सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय में प्रतिदिन एचपीवी का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष से 15 वर्ष के बीच आयु की बेटियों को नजदीकी सत्र स्थल या सीएचसी गुरसरांय लाकर टीका अवश्य लगवाएं।
