रिपोर्टर : नीलेश एन.के.डी.
गरौठा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जवाहर लाल राजपूत ने जिलाधिकारी झांसी को ज्ञापन सौंपकर मोंठ तहसील में धान की खेती के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान इन दिनों धान की रोपाई और सिंचाई के लिए बिजली संकट से जूझ रहे हैं, जिससे फसल प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि मोंठ, समथर, शाहजहांपुर, पूंछ, करकोस तथा लोहागढ़ सहित कई विद्युत उपकेंद्रों पर ओवरलोडिंग के कारण निजी और सरकारी नलकूपों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। कई गांवों में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। विधायक ने आरोप लगाया कि किसान लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर धान की सिंचाई के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
