गुरसरांय(झांसी)। गुरसरांय क्षेत्र के भड़ोकर प्रतीक्षालय पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार,प्रज्ञा कुशवाहा (5 वर्ष) पुत्री अनिल कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम आमली,रविवार को अपनी दादी रमकू के साथ ग्राम भड़ोकर स्थित अपने फूफा घनाराम के यहां आयोजित दसटोन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। सोमवार सुबह वह अपनी दादी के साथ वापस आमली लौटने के लिए भड़ोकर प्रतीक्षालय पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान झांसी से गुरसरांय की ओर आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया कार ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रज्ञा को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लेकर पहुंचे,जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉक्टर रवि अनुरागी ने उपचार शुरू किया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गुरसरांय पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है।बताया गया कि मृतका प्रज्ञा अपने माता-पिता की तीन बेटियों और एक बेटे में तीसरे नंबर की संतान थी। मासूम की असमय मौत से माता-पिता,दादी एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। जानकारी के अनुसार कार चालक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय कार लेकर आया जहाँ से पुलिस द्वारा उक्त कार को बरामद कर लिया है और चालक को मौके से भाग जाने दिया है। गुरसरांय थाना अंतर्गत एक के बाद एक इस प्रकार की दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर कही न कही कानूनी कार्यवाही में ढील पोल होने से लापरवाह चालकों द्वारा कानून के नियमों का कोई सबक न लेने से लगातार दुर्घटनाएं इस प्रकार की उभर कर सामने आ रही है क्योंकि अभी कुछ दिन पहले गुरसरांय थाना अंतर्गत मंडी गुरसरांय के पास एक बाइक सवार को बेकाबू डंपर ने टक्कर घाल दी थी जिससे उक्त व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी थी और ड्राइवर मौके से भाग गया था। जिसके चलते प्रशासन कार्यवाही को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। इस संबंध मे मृतक बच्ची के पिता अनिल कुमार कुशवाहा की तहरीर पर थाना गुरसरांय में पुलिस ने बीएनएस की धारा 281,106(1) अपराध संख्या 164/26 के तहत वाहन कार जिसका नंबर यूपी 93 ए जेड 1406 वाहन मालिक राहुल कुमार गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जा चुका है।
