रिपोर्टर : नीलेश एन.के.डी.
झांसी से मोठ तक जाने वाले नेशनल हाईवे की बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। हाईवे पर कई स्थानों पर पिछले कई महीनों से गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत समय पर न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि दिन के समय तो किसी तरह गड्ढों का अंदाजा लग जाता है, लेकिन रात में यह मार्ग बेहद खतरनाक हो जाता है। अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण चालक अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। कई बार गड्ढों को बचाने के प्रयास में वाहन दूसरी लेन में चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
व्यापारी नेता हर्षित अग्रवाल ने कहा – कि झांसी-मोठ नेशनल हाईवे की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा, “यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। महीनों से सड़क पर बने गहरे गड्ढे लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं।
सेमरी टोल मैनेजर आनंद सिंह ने बताया कि हाईवे पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे हाईवे पर आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
