झांसी: राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जानी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत
बंगरा (झांसी)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा सिंह ने सोमवार सुबह झांसी जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बंगरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का बारीकी से अवलोकन किया और मरीजों से सीधे संवाद कर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने इमरजेंसी कक्ष से की, जहां प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें सभी आवश्यक दवाइयां अस्पताल से मिल रही हैं या बाहर से खरीदनी पड़ती हैं। साथ ही चिकित्सकों से भी दवा वितरण और उपचार संबंधी जानकारी ली।
इसके बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य ने पैथोलॉजी विभाग का निरीक्षण कर जांच संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने रिकॉर्ड का परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुपमा सिंह प्रसूति कक्ष पहुंचीं, जहां भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रसूताओं को फल वितरित किए तथा उनका हालचाल जाना। इसके साथ ही नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाण पत्र भी वितरित किए और माताओं को सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अस्पताल के एक्स-रे केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध मशीनों, सेवाओं तथा कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। अस्पताल परिसर में उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के कुछ लोगों ने अस्पताल से संबंधित विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से उन्हें अवगत कराया। इस पर उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.के. राजपूत को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डॉ. नवनीत बंसल, डॉ. इंदुवाला गुप्ता, आशीष गुप्ता सहित अस्पताल का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
