संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
मोठ तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी माज अख्तर ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्रवासियों से जनहित में महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए सीधे तहसील कार्यालय, तहसील दिवस या जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन से संपर्क करें। प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
एसडीएम माज अख्तर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना की पुष्टि प्रशासन से करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने और स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि मोंठ तहसील प्रशासन आमजन की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
