गुरसरांय(झांसी)। टाउन क्षेत्र गुरसरांय में हर-घर-जल-हर-घर-नल पर काम कर रही जियों मिलर कंपनी और जल निगम के अधिकारियों की घोर लापरवाही एवं गंभीर अनियमिताओं के चलते जहां गुरसरांय टाउन क्षेत्र के 40 प्रतिशत वार्डों में पेयजल आपूर्ति तो संबंधित विभाग कर नहीं सका उल्टा सभी वार्डों में रास्ते खोद डालने से आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गुरसरांय के वार्ड नंबर 23 में बार एसोसिएशन गरौठा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सेंगर की गली में तो यह हाल है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए एपैक्स और क्रॉस नालियों के सालों गुजर जाने के बाद भी मरम्मत न होने के चलते पैदल व दो पहिया वाहन से चलने वाले आये दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं तो एपैक्स खोदे पड़े रहने से जलभराव से गंदगी और मच्छरों के चलते संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका लगातार बढ़ गई है। इस संबंध में मीडिया के लोगों ने उक्त सड़क मरम्मत की 15 जुलाई मंगलवार को जियों मिलर कंपनी के स्थानीय प्रोजेक्ट मैनेजर कुश शाह से फोन पर बात की तो उन्होंने 15 जुलाई को शाम तक उक्त एपैक्स व क्रॉस नालियां सुधारने के साथ स्टैंड पोस्ट लगवाने की बात कही लेकिन जब 16 जुलाई बुधवार को उनसे कहा कि यहां तो कोई काम पर नहीं आया है तो उन्होंने कहा हमारे आदमी दो-चार दिन में आ पाएंगे। इस प्रकार यह समस्याएं एक वार्ड की नहीं बल्कि गुरसरांय नगर के पूरे के पूरे 25 वार्डों की है यहां तक की जानकारी हुई है टाउन क्षेत्र गरौठा से लेकर अन्य जगह भी यही हालात बने हुए हैं तो दूसरी ओर गुरसरांय नगरीय क्षेत्र में कई जगह तो अभी लाइन बिछाई ही नहीं गई है और पेयजल आपूर्ति के नाम पर केवल फर्जीवाड़ा साबित हो रहा है। नगर व क्षेत्र के लोगों ने इस संबंध में जिले के जनप्रिय जिलाधिकारी झांसी से लेकर उत्तर प्रदेश शासन से इस संबंध में जल्द बड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।
