झांसी : अयोध्या धाम के वैदेही वल्लभ कुंज-सिद्धपीठ, बावनजी मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर उनकी जमीन पर कब्जे के प्रयास, मारपीट, फायरिंग और लूट का आरोप लगाया है। महंत के अनुसार, बड़ागांव गेट बाहर स्थित डड़ियापुरा मौजा बाबा का अटा में उनकी कुटिया और आवासीय भूमि है, जहां साधु-संत निवास करते हैं। आरोप है कि 25 जून को कुछ लोग हथियारों के साथ कुटिया पहुंचे और विरोध करने पर साधु किशोरी शरण (मौनी जी) व दिवाकर उपाध्याय के साथ मारपीट की। शिकायत में फायरिंग करने, जान से मारने की धमकी देने तथा 12 हजार रुपये और कमंडल ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। महंत ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
