संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
नगर पंचायत मोठ में लगातार बारिश के बाद विभिन्न वार्डों में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को उपजिलाधिकारी (न्यायिक) जितेंद्र कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जलभराव वाले स्थानों का जायजा लेकर जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी पानी भरा है, वहां तत्काल जल निकासी कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए। साथ ही नालियों की सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को खुलवाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। जलभराव की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी आशु यादव, लिपिक राजीव यादव, अनुरुद्ध दुबे, मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
