संवाददाता – नीलेश एन.के.डी
मोंठ (झांसी) : नगर पंचायत मोंठ में हुई एक दिन की तेज बारिश ने विकास और बेहतर व्यवस्थाओं के दावों की हकीकत उजागर कर दी। बारिश के बाद नगर के कई मोहल्लों, गलियों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति देखने को मिलती है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत विकास और सफाई व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में उन दावों की पोल खुल गई।
व्यापारी नेता हर्षित अग्रवाल ने कहा – “बारिश के बाद बाजार और मुख्य मार्गों पर जलभराव से व्यापारियों और आम लोगों को काफी दिक्कत हुई है। नगर पंचायत को केवल दावे करने के बजाय जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहिए।
समाजसेवी आशु यादव ने कहा – “नगर की समस्याओं का स्थायी समाधान होना चाहिए। एक दिन की बारिश में यदि जगह-जगह जलभराव हो रहा है तो यह गंभीर विषय है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।”
