गुरसरांय(झाँसी)। गुरसरांय नगर के मुहल्ला गांधीनगर में समझौते के अगले ही दिन दो पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी पर देर रात शराब के नशे में साथियों सहित घर पहुंचकर गाली-गलौज करने,लाठी-डंडों से दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत थाना गुरसरांय में की गई है। मुहल्ला गांधीनगर निवासी अजय वर्मा पुत्र धनप्रसाद द्वारा गुरसरांय थाना मे दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार उनके पड़ोसी श्रीराम पुत्र दीनदयाल आए दिन अपनी पत्नी से किसी न किसी बात को लेकर घरेलू कलह करता रहता है,जिसका आरोप श्रीराम की पत्नी अजय की छोटी बहिन पर लगाती रहती है,और कहती है की तुम्हारी वजह से मेरे घर मे लड़ाई होती है आरोप है कि इन विवादों को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। 9 मई 2026 को विवाद बढ़ने पर मामला थाना गुरसरांय पहुंचा था,जहां पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न करने की बात तय हुई थी।पीड़ित अजय वर्मा का आरोप है कि समझौते के बावजूद 10 मई 2026 की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम दो अज्ञात लोगों के साथ शराब के नशे में उनके घर पहुंच गया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़े होकर मां-बहिन की गंदी गालियां दीं और लाठी-डंडों से घर का दरवाजा पीटकर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान घर के बाहर बैठे पालतू कुत्ते को भी डंडा मारने का आरोप लगाया गया है। बताते चले की उक्त घटना की वीडियो प्रार्थी अजय वर्मा ने अपने कैमरे में कैद कर ली वीडियो में युवक गाली-गलौज कर जान से मारने धमकी देते हुये स्पष्ट नजर आ रहा है।पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और पूरी रात भय के कारण परिवार का कोई भी सदस्य सो नहीं सका। आरोप है कि जाते समय आरोपी भविष्य में देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
