गुरसरांय (झांसी)। थाना क्षेत्र के ग्राम मडो़री में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल पुत्र राजू आदिवासी (उम्र 28 वर्ष) निवासी सिंचाई कॉलोनी छतरपुर,हाल निवासी ग्राम मडो़री के रूप में हुई है।
बताया गया है कि अनिल अपनी ससुराल में रहकर मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं—बड़ा पुत्र सौरभ (7 वर्ष) एवं छोटा पुत्र साजन (4 वर्ष), जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक के पिता राजू आदिवासी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और इसके पीछे ससुराल पक्ष का हाथ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरसरांय थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
