मोठ (झांसी)। तहसील क्षेत्र के ग्राम करगुवां में नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार करगुवां निवासी 12 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र जयराम हर शनिवार की तरह सुबह शनिदेव मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद जब वह मंदिर के सामने से नेशनल हाईवे-27 पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो वहां उचित बैरिकेडिंग है और न ही स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था, जिसके कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
मृतक कृष्णपाल नवीन प्राथमिक विद्यालय करगुवां में कक्षा 3 का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
