संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
मोंठ : कन्या इंटर कॉलेज में शुक्रवार को कक्षा 12वीं की छात्राओं के सम्मान में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने नाटक, गीत, कविताएं और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि दीपक विश्वकर्मा रहे, जबकि जेडी इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक रूप सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से माल्यार्पण एवं स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य क्षेत्र की गरीब से गरीब बेटियों को कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि 12वीं की छात्राएं अब अपने जीवन के नए चरण में प्रवेश कर रही हैं और विद्यालय परिवार उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। साथ ही उन्होंने बताया कि विद्यालय की 10वीं की छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाध्यापक अनिल सविता, उमाकांत यादव, चंद्र कुमार सेन, राघवेंद्र खरे, कु. प्रतिभा बुंदेला, कृष्णा, शिवानी राजपूत, नीतू राजपूत, सुकीर्ति उपाध्याय, अंजली खरक्या, सूरज सिंह, गुड्डी देवी सहित विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
