गुरसराय (झांसी)। पंजाब नैशनल बैंक शाखा कुरैठा के एटीएम में शुक्रवार को सर्वर की समस्या के चलते एक ग्राहक के 2000 रुपये फंसने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार ग्राम मडो़री निवासी हरगोविंद शुक्रवार सुबह लगभग 11:00 बजे गुरसरांय नगर स्थित पंजाब नैशनल बैंक शाखा कुरैठा के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे।ग्राहक द्वारा एटीएम से 2000 रुपये निकालने की प्रक्रिया की गई, लेकिन खाते से रकम कट जाने के बावजूद एटीएम मशीन से पैसे बाहर नहीं निकले।अचानक हुई इस समस्या से ग्राहक परेशान हो गया और काफी देर तक एटीएम के आसपास इंतजार करता रहा। इसके बाद पीड़ित ग्राहक हरगोविंद ने मामले की शिकायत सीधे बैंक शाखा में की। बैंक कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कर ली है और तकनीकी समस्या के समाधान व खाते में राशि वापस कराने का आश्वासन दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त एटीएम में पहले भी सर्वर व तकनीकी खामियों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं,जिससे ग्राहकों को बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बैंक प्रशासन से एटीएम की तकनीकी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
