इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम प्रसंग शादी से पहले ही पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। कोतवाली मोंठ क्षेत्र के एक गांव की युवती को करीब दो वर्ष पहले बदायूं निवासी युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
बताया गया कि दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए और फिर फोन पर लगातार बातचीत होने लगी। बातचीत के दौरान फोटो और निजी जानकारियों का भी आदान-प्रदान होता रहा। समय के साथ दोनों शादी करने के लिए भी राजी हो गए। इसी बीच युवती घर से बिना बताए अपने प्रेमी से मिलने निकल गई। दोनों के बीच यह तय हुआ कि “कुछ तुम चलो, कुछ हम चलें”, जिसके तहत बदायूं से युवक और झांसी से युवती निकल पड़े। दोनों का मिलन कानपुर रेलवे जंक्शन पर हुआ, जहां उन्होंने साथ जीवन बिताने की कसमें भी खाईं।
उधर, घर पर युवती के अचानक गायब होने से परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली मोंठ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले को गंभीरता से लेना शुरू किया।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर के आधार पर जांच तेज की। कोतवाली मोंठ प्रभारी राजेश सिंह के नेतृत्व में, अतिरिक्त निरीक्षक कमल प्रताप सिंह के निर्देशन में उप निरीक्षक रजनीकांत सिंह ने महिला पुलिस बल के साथ युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई।
इस संबंध में उप निरीक्षक रजनीकांत सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, मामले की विधिक जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
