गुरसरांय(झांसी)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा छात्राओं की सुरक्षा,सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत 11 नवंबर मंगलवार को गुरसरांय पुलिस ने नगर के एक विद्यालय में छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत जागरूक किया। पिंक बूथ की महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को पंपलेट वितरित किया। थानाध्यक्ष गुरसरांय इंस्पेक्टर अमीराम सिंह ने आयोजित चौपाल में महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। थानाध्यक्ष गुरसरांय ने हेल्पलाइन 181,वूमेन पावर लाइन 1090,आपातकालीन सेवा 112,स्वास्थ्य सेवा 102,एंबुलेंस 108,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं को घरेलू हिंसा,छेड़छाड़,सोशल मीडिया पर उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। विद्यालय की छात्राओं से उनकी समस्याएं भी पूछी गईं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह भदौरिया,महिला कांस्टेबल प्रतिमा पटेल,आकांक्षा सहित विद्यालय स्टॉफ मौजूद रहा।
