संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत मोंठ हाईवे के पास लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भव्य सामुदायिक भवन का शिलान्यास गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। विधायक ने भूमि पूजन एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में विधायक राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। मोंठ जैसे ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को गति मिल रही है। सामुदायिक भवन का निर्माण न केवल सामाजिक कार्यक्रमों और विवाह समारोहों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि आपदा प्रबंधन, सार्वजनिक बैठकों और शैक्षिक आयोजनों के लिए भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। हाल ही में कई नई सड़कों का निर्माण कराया गया है तथा ग्रामीण इलाकों में हैंडपंप, टंकियां और सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। विधायक ने विश्वास जताया कि सामुदायिक भवन के निर्माण से मोंठ और आसपास के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
