गुरसरांय(झांसी)। हिंदी दिवस के अवसर पर साहित्यकारों एवं पत्रकारों की एक विचार गोष्ठी तथा पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन एरच रोड पर युवा समाजसेवी नेता करुणेन्द्र व्यास उर्फ तनु महाराज के द्वारा आयोजित किया गया। सभी कलमकारों का सम्मान करते हुए तनु महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रहरी हैं। आप लोग सभी को दिशा दिखाते हैं आपके सम्मान से ही सभी हम गौरवान्वित हो रहे है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार कुंवर रामकुमार सिंह ने कहा कि हिंदी देश की पहचान है सभी मिलकर हिंदी में काम करें तभी हिंदी दिवस की सार्थकता होगी। साहित्यकार डॉ.सुकदेव कुमार व्यास ने कविता के माध्यम से कहा कि अगर विश्व में किसी देश को भारत में व्यापार करना है तो उसे हिंदी अपनाना होगी। हिंदी के उत्थान के लिए सभी मिलजुलकर कार्य करें। वरिष्ठ पत्रकार अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि आज हमारे कार्यालयों में कार्य अंग्रेजी के माध्यम से कराए जाते हैं तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में अंग्रेजी भाषा का प्रयोग किया जाता है वहां भी हिंदी का प्रयोग कराया जाए तो सर्वोत्तम होगा। इसके अलावा सरजूशरण पाठक,अखिलेश तिवारी सुट्टा,संदीप श्रीवास्तव ने भी हिंदी दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए हिंदी को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन सार्थक नायक ने किया। अंत में कार्यक्रम के आयोजक करुणेन्द्र व्यास उर्फ तनु महाराज ने सभी पत्रकारों को श्री फल एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर आशुतोष गोस्वामी,हरिश्चंद्र नायक,कौशल किशोर,धर्मेंद्र सोनी बल्ले,कुलदीप यादव आदि पत्रकार उपस्थित रहे।
