पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने अधेड़ व्यक्ति को पीटकर किया लहूलुहान, पुलिस ने कराया मेडिकल परीक्षण।
हमीरपुर जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो महिलाओं सहित पांच दबंग व्यक्तियों ने एक अधेड़ व्यक्ति के साथ गाली गलौज करते हुए उसकी लाठी डंडों पर बेरहमी से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं राठ कोतवाली पुलिस ने घायल व्यक्ति का सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया है।
जरिया थाना क्षेत्र के ममना गांव में रहने वाले व्यक्ति रामकृपाल पुत्र अलोपी ने तहरीर देने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने पैतृक गांव बड़ा में स्थित अपने घर में अपने कुल देवता की पूजा करने के लिए आया हुआ था। बताया कि तभी शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही पांच लोगों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए लाठियों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। तथा उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। बताया कि घटना के बाद उसने राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल व्यक्ति का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
