हमीरपुर / जनपद में राठ कस्बे के रोडवेज डिपो से नीलाम हुई बसों के कबाड़ से लोड ट्रक अचानक लापता हो गया है। उक्त ट्रक का चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया है। जब ट्रक अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा तो नीलामी की बसें खरीदने वाले व्यापारी ने राठ कोतवाली में ट्रांसपोर्टर और ट्रक चालक के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराई जाने की गुहार लगाई है।
इलाहाबाद जनपद के नेता नगर कीटगंज थाना के निवासी राकेश कुमार साहू ने आज शुक्रवार को राठ कोतवाली में मामले की लिखित तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी फर्म राहुल साहू एंड स्टील ट्रेडर्स के माध्यम से राठ रोडवेज में परिवहन विभाग से 15 नीलाम बसें खरीदी थी। तथा बसों को कटवा कर वह उनका कबाड़ कुशवाहा ट्रांसपोर्ट के मालिक सियाराम कुशवाहा के माध्यम से भेजे गए ट्रक से फतेहपुर में सिग्मा मेटल एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड में भेजना था। बताया कि ट्रक में नीलाम हुई बसों का कबाड़ लोड होने के बाद उक्त ट्रक लापता हो गया आरोप लगाया कि ट्रक चालक उसके माल को चोरी करके ले गया है। बताया कि जब उसका माल निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा तो उसने जानकारी की तो उक्त ट्रक और उसके चालक का भी पता नहीं चल सका है तथा चालक का मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ जा रहा है। बताया कि लापता हुए ट्रक में करीब चार लाख रुपए कीमत का माल था। बताया कि उसने राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
