हमीरपुर जनपद में राठ कस्बे के कोट बाजार में मुर्गा मंडी के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में थ्रेडिंग करवाने के लिए अपनी बहन के साथ गई एक महिला के बैग से डेढ़ लाख रुपए की कीमत की 15 ग्राम सोने की ज्वैलरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने परिजनों के साथ राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई है।
हमीरपुर / जनपद में मौदहा तहसील क्षेत्र के पढोरी गांव की निवासी महिला अनीता देवी पत्नी चंद्रभान ने राठ कोतवाली में मामले की लिखित तहरीर देकर बताया कि कल शनिवार की शाम को वह अपनी ससुराल से पढोरी से अपने मायके ग्राम अटगांव थाना मझगवां जा रही थी। बताया कि तभी रास्ते में राठ कस्बे के कोट बाजार में मुर्गा मंडी के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में वह अपनी बहन सरिता के साथ थ्रेडिंग करवाने के लिए गई थी। बताया कि थ्रेडिंग करवाने के बाद जब वह वापस बाजार में राखियां खरीदने के लिए गई तो उसने अपने बैग को खोलकर देखा तो उसके बैग के अंदर रखा उसका छोटा पर्स गायब नजर आया। बताया कि उसके छोटे पर्स में 15 ग्राम वजन की सोने की झुमकी रखी हुई थी। जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए है। बताया कि सोने की ज्वेलरी रखें छोटे पर्स के न मिलने पर वह तत्काल ही उक्त ब्यूटी पार्लर में पहुंची और अपनी ज्वेलरी के बारे में पूछताछ की। बताया कि उक्त ब्यूटी पार्लर में मौजूद एक महिला और दो लड़कियां रहती हैं लेकिन उक्त दोनों लड़कियां उसके दोबारा ब्यूटी पार्लर में पहुंचने पर गायब नजर आई। आशंका जताते हुए कहा कि ब्यूटी पार्लर में ही उसके साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रकरण के संज्ञान में नहीं है तथा प्रकरण को संज्ञान में लेकर जांच कराई जाएगी।
