गुरसरांय(झांसी)। सावन माह के प्रथम मंगलवार के पावन अवसर पर नगर के प्राचीन सर्वेश्वर शिव मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन की भव्यता देखने को मिली। सुबह से ही सर्वेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में हर-हर महादेव के नारे गूंजाएमान रहे। सुबह मंदिर पर भगवान शिव को जलाभिषेक किया गया। इसके साथ ही सोमवार से शुरु हुए अखंड रामायण का पाठ मंगलवार को संपन्न हुआ। सुंदरकांड के तत्पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित कार्तिक पाठक ने बताया कि राम भक्त हनुमान का पूजन करने से लगभग समस्त देवी-देवताओं का पूजन हो जाता है। कलयुग में हनुमान की पूजा अपने मनोरथों को पूर्ण करने का सबसे प्रभावकारी और सरलतम माध्यम है। हनुमान जी अखण्ड ब्रह्मचारी व महायोगी भी हैं इसलिए सबसे जरूरी है कि उनकी किसी भी तरह की उपासना में वस्त्र से लेकर विचारों तक पावनताए ब्रह्मचर्य व इंद्रिय संयम को अपनाएं। अखंड रामायण का पाठ रामराजा सरकार समिति ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
