झांसी-ललितपुर के लोकप्रिय सांसद श्री अनुराग शर्मा द्वारा आज तहसील सभागार, महरौनी में एक व्यापक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जन संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने भागीदारी करते हुए अपनी विभिन्न समस्याएं, शिकायतें और आवश्यकताएं रखीं।
सांसद श्री शर्मा ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को धैर्यपूर्वक और गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी समस्याओं को त्वरित हल की दिशा में अग्रसर करते हुए विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट, कड़े एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश जारी किए।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा: हर नागरिक को न्याय मिलना चाहिए। यह केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है कि किसी भी व्यक्ति की समस्या लंबित न रहे। अधिकारी अपने कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव रखें।”
सांसद ने कहा कि यह सरकार केवल शासन नहीं बल्कि जन-सेवा के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने चेताया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही तत्काल समाधान की कार्यवाही भी सुनिश्चित कराई। इस पहल से आमजन के बीच सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने सांसद जी के प्रति आभार भी जताया।
सांसद अनुराग शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जन संवाद व जनसुनवाई कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे शासन-प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय बना रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा यह कर्तव्य है कि मैं हर नागरिक की आवाज़ सुनूं, समझूं और समाधान के लिए तत्पर रहूं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना से कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने जनता को केंद्र सरकार द्वारा संचालित गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वनिधि योजना, उज्ज्वला योजना, आदि अनेक जनहितकारी योजनाओं की भी जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच खुला संवाद लोकतंत्र की आत्मा है। सांसद अनुराग शर्मा की यह पहल क्षेत्रीय जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ-
जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत सांसद श्री शर्मा ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से लाभ प्रदान किया।प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को नवनिर्मित घरों की चाबियाँ सौंपी गईं।प्राकृतिक आपदा (देवी आपदा) से प्रभावित पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता देखने को मिली।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश –
इसके पश्चात सांसद श्री शर्मा ने तहसील परिसर में आयोजित “पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने इस अवसर पर एक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि—“वृक्ष केवल पर्यावरण के प्रहरी नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। हर नागरिक को कम से कम एक वृक्ष माँ के नाम लगाकर पर्यावरण सुरक्षा में योगदान देना चाहिए।”
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललितपुर, उपजिलाधिकारी महरौनी, क्षेत्राधिकारी महरौनी, एवं समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
साथ ही कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री हरिश्चंद्र रावत, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
