हमीरपुर / जनपद में राठ क्षेत्र के चिकासी थाना अंतर्गत बरौली खरका गांव में खेत की जुताई करने के दौरान ट्रैक्टर के पलटने से ट्रैक्टर चला रहे 26 वर्षीय युवा किसान की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा बुधवार को मृतक किसान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चिकासी थाना क्षेत्र के बरौली खरका गांव का निवासी 26 वर्षीय किसान श्याम जी मंगलवार की शाम को ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने के लिए गया हुआ था तभी खेत की जुताई करने के दौरान अचानक ट्रैक्टर के पलटने से श्याम जी ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल हो गया। जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन फानन में टैक्टर के नीचे दबे श्याम जी को इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक चंद्रशेखर ने किसान श्याम जी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक श्याम जी के पास 20 बीघा कृषि भूमि थी। जिसमें खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। जो कि अपने पीछे मां रातरानी के अलावा पत्नी निधि व भाई दिनेश कुमार और रामजी सहित सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में चिकासी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
