हमीरपुर / जनपद में राठ तहसील के मझगवां थाना क्षेत्र के उमन्निया गाँव में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते 19 वर्षीय एक युवक को रात्रि के समय सोने के दौरान किसी जहरीले सर्प ने काट लिया। जिससे युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा सोमवार को मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राठ तहसील के मझगवां क्षेत्र के उमन्निया गांव का निवासी 19 वर्षीय युवक अतीश पुत्र छत्रपाल जो कि अपने घर के बरामदे में सो रहा था। तभी अचानक उसे किसी जहरीले सर्प ने काट लिया। जिसके बाद अतीश की हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद परिजन उसे पनवाड़ी के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन वहां पर हालत में सुधार होता हुआ ना देखकर परिजन उसे झांसी ले गए। जहां झांसी पहुंचते ही युवक अतीश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अतीश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था। जो कि अपने पीछे भाई दिलीप, प्रेमचंद और आंसू सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में मझगवां थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
