संवाददाता – नीलेश एनकेडी
मोंठ (झांसी) नगर पंचायत के सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर मोंठ नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित दुकानों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत की लगभग 40 दुकानें कस्बे में बनी हुई हैं, जिनमें पीको वाली गली की दो दुकानें नगर के ही दो लोगों नाम पर लगभग 35 वर्षों से आवंटित हैं।
ज्ञापन के अनुसार, वर्तमान समय में इन दोनों दुकानों पर पारिवारिक विवाद चल रहा है। सभासदों का कहना है कि यदि भविष्य में किसी कारणवश ये दुकानें निरस्त की जाती हैं, तो उन्हें पुनः पट्टे पर देने से पहले नगर पंचायत बोर्ड के सदस्यों की उपस्थिति में खुली बोली लगाई जाए। इससे न केवल पारदर्शिता बनी रहेगी, बल्कि नगर पंचायत कार्यालय को भी राजस्व का सीधा लाभ मिल सकेगा।
सभासदों ने मांग की कि नगर पंचायत इस विषय को गंभीरता से लेकर उचित निर्णय ले जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके।
इस मौके पर पार्षद दयाल गिरी, धर्मेंद्र वर्मा , अंजना खरे , नीलेश एनकेडी, रामदास वर्मा , विनायक श्रीवास्तव, भारती देवी , आकाश कुमार , साबिर कुरैशी, पार्षद प्रतिनिधि अनिल सोनी, बबलू खरे आदि लोग मौजूद रहे।
