बिजली की फिजूलखर्ची रोकें, एलईडी और सोलर उपकरणों का करें उपयोग : अधीक्षण अभियंता
उरई/जालौन। गर्मी के प्रचंड प्रकोप के बीच जिले में ट्रांसफॉर्मरों और बिजली लाइनों पर बढ़ते दबाव को लेकर बिजली विभाग सतर्क हो गया है। बिजली की बढ़ती खपत के चलते ट्रांसफॉर्मरों के जलने और लाइनों में फॉल्ट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से संयम बरतने और बिजली की फिजूलखर्ची से बचने की अपील की है।
विद्युत वितरण मंडल उरई के अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने गुरुवार को बताया कि बिजली की बर्बादी को रोककर ही हम आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से न सिर्फ बिजली बचाई जा सकती है, बल्कि बिल में भी राहत मिल सकती है। उपभोक्ताओं के लिए दिए सुझाव : दिन में घर व दुकान के बाहर जलने वाले बल्ब बंद रखें। खाली कमरों में पंखा, बल्ब आदि न चलाएं। बल्ब की जगह एलईडी लाइट का करें प्रयोग। सोलर लैम्प, सोलर कुकर जैसे विकल्प अपनाएं। ओवरलोडिंग से बचने के लिए ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करें। पथ प्रकाश दिन में जलते दिखें तो नगरपालिका या विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि यदि उपभोक्ता सहयोग करेंगे तो ट्रांसफॉर्मर फुंकने की घटनाएं कम होंगी और सभी को निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी। किसी भी विद्युत संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1912 और 18001803023 पर संपर्क किया जा सकता है।
