उरई/जालौन। शहर उरई क्षेत्र के रंगेदा गाँव में बुधवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 51 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झांसी चुंगी के पास स्थित उमरारखेडा की एक अंग्रेजी शराब की दुकान में वित्तीय वर्ष 2024-25 की बची हुई शराब को सस्ते दामों में विभिन्न लाइसेंसधारकों से खरीदकर बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने हिन्दुस्तान लीवर फैक्ट्री के पीछे ग्राम रंगेदा स्थित राकेश कुमार गुप्ता के मकान में छापा मारा, जहां से अभियुक्त रामू पुत्र माताप्रसाद (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम चौरसी, कोतवाली उरई को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लोडर वाहन में लदी 51 पेटी (कुल 1438 बोतलें) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। वहीं, मुख्य आरोपी राकेश कुमार गुप्ता मौके से फरार हो गया। आबकारी निरीक्षक द्वारा बरामद शराब की स्कैनिंग करने पर पाया गया कि यह शराब विभिन्न लाइसेंसधारकों की बीते वित्तीय वर्ष की थी। पुलिस ने राकेश कुमार गुप्ता के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेज दी है। गिरफ्तार अभियुक्त रामू पर पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 और 2024 में NDPS एक्ट के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। अब ताजा मामले में कोतवाली उरई में उसके विरुद्ध मुकदमा संख्या 292/2025 धारा 60(1)/64/72 आबकारी अधिनियम व 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य जनपदों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। बरामद शराब लदे लोडर वाहन (UP 92 AT 6685) को पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर लिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिशें दी जा रही हैं। छापेमारी के दौरान सिटी क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उरई अरुण कुमार राय,आबकारी निरीक्षक लोकेश कुमार,डिप्टी गंज चौकी इंचार्ज विनीत कुमार, फैक्ट्री चौकी इंचार्ज राज कुमार पाण्डेय, है0 विजय द्विवेदी,है0 रविंद्र कुमार समेत पूरी टीम मौजूद रही।
