निर्माणाधीन भवन की मानकों की जांच, शीघ्र स्थापना की उम्मीद
कालपी/जालौन । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में निर्माणाधीन ब्लड यूनिट का गुरूवार को क्षेत्रीय औषधि निरीक्षक देवयानी दुवे ने निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्धारित मानकों को बारीकी से देखा और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश गुप्ता से आवश्यक जानकारी ली।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू की गई ब्लड यूनिट स्थापना की प्रक्रिया में यह निरीक्षण अहम माना जा रहा है। औषधि निरीक्षक ने कहा कि बिना औषधि प्रशासन की सहमति ब्लड यूनिट का संचालन संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग शीघ्र ही इस यूनिट के संचालन को मंजूरी देगा।
निरीक्षण के बाद औषधि निरीक्षक ने गणेशगंज स्थित हूँका मेडिकल स्टोर का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। अधोमानक और नकली दवाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और संचालक को सख्त हिदायत दी गई कि वे इस प्रकार की दवाओं की बिक्री न करें।
