दैनिक बुन्देलखण्ड बुलेटिन
महोबा । जिले में कीरत सागर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष मामा भारती के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं एकत्र हुई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि उन्हें समय पर बिजली बिल नहीं मिल रहे हैं। नए कनेक्शन के लिए लंबे समय से आवेदन करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। बजरिया की वासुदेव और पठानपुरा की सुनीता ने बताया कि वे महीनों से बिजली कनेक्शन के लिए प्रयास कर रही हैं। बिजली न होने से घरों में अंधेरा रहता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जहरीले कीटों का खतरा बना रहता है। कई बार बच्चों को चोटें भी लग चुकी हैं। विभागीय अधिकारी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मामा भारती ने कहा कि यह महिलाओं के जीवन और सम्मान का मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि समाधान न होने पर जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। बाद में महिला प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने जांच का आश्वासन दिया लेकिन महिलाओं ने तत्काल कार्रवाई की मांग की ।
Please follow and like us:
