दैनिक बुन्देलखण्ड बुलेटिन
झांसी – चोरी के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए। सोमवार देर रात दोनों की मुखबिरी मिली थी। उनको पकड़ने के लिए पुलिस ने चैकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। जल्दबाजी में दोनों बाइक से गिर गए और तमंचा निकालकर फायरिंग करने लगे।दोनों ने पुलिस टीम पर दो फायर दागे। इस पर पुलिस ने भी गोली चलाई तो वे भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। दोनों ने 5 दिन में दो चोरियां करके लाखों रुपए के गहने चुराए थे। मुठभेड़ कोतवाली थाना क्षेत्र के नगरिया कुआं के पास हुई है।
दरोगा ने भी दो राउंड चलाए
कोतवाली पुलिस ने लक्ष्मीगेट अंदर मोहल्ला निवासी अरविंद उर्फ पंचम यादव (32) पुत्र विजय यादव और लक्ष्मीगेट बाहर मोहल्ला निवासी विशाल अहिरवार (19) पुत्र प्रमोद को अरेस्ट किया है। उनके पास से चोरी के 3720 रुपए, की-पेड मोबाइल, दो तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।दोनों सोमवार देर रात करीब एक बजे बाइक से नगरिया कुआं बाइपास की तरफ से आ रहे थे। मुखबिर की सूचना पर दोनों पकड़े गए। आरोपी पंचम यादव पर चोरी, मारपीट व अन्य धाराओं में 6 केस दर्ज हैं। चोरी में उनका एक साथी भी शामिल था। चोरी के बाद गहने ज्वैलर्स को बेच दिए थे।
इन दो चोरियों को दिया था अंजाम
लक्ष्मी गेट बाहर निवासी अभिलाषा यादव पत्नी शेखर यादव 28 अप्रैल को चाचा के बेटे की शादी में आई थी। 30 अप्रैल को घर पहुंची। रात को अज्ञात बदमाश गहनों से भरा बैग चुराकर ले गए थे। जिसमें 30 हजार कैश और करीब 10 लाख रुपए के गहने रखे हुए थे।27 अप्रैल की रात को शिव परिवार कॉलोनी निवासी लोको पायलेट दर्शन कुमार के घर में चोरी हुई थी। घर के बाहर ताला लगा था। पूरा परिवार अपने नगरा स्थित प्रतापपुरा मकान पर था। चोरों को घर पर कीमती सामान नहीं मिला था।
