गुरसरांय(झांसी)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वाधान में 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह राजू चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ पत्रकार कुंवर रामकुमार सिंह की अध्यक्षता में मनाया गया। ज्ञात हो इस दिन का आयोजन प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व को उजागर करने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए किया जाता है। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह राजू चौहान ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकार अक्सर अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करते हैं। और विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस इस क्षेत्र के पत्रकारों के योगदान को भी उजागर करता है। आगे उन्होंने कहा कि आप लोगों के सुझाव पर जल्द ही मीडिया की लोकतंत्र की मजबूती के लिए भव्य कार्यशाला कराने के लिए हम हर प्रकार का सहयोग देंगे और जल्द भव्य कार्यशाला मीडिया की होगी। अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार कुंवर रामकुमार सिंह ने बताया कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। इसे झुकाया नहीं जा सकता,दबाया नहीं जा सकता है। जब मीडिया सच कहता है तब सत्ता असहज हो जाती है यही प्रेस की सबसे बड़ी जीत है। वरिष्ठ पत्रकार फूल सिंह परिहार ने कहा कि दुनियाभर में आए दिन पत्रकारों पर जानलेवा हमले होते रहते हैं। मीडिया के महत्व और इस पेशे के खतरों को देखते हुए हर साल 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के सिद्धांतों का जश्न मनाना,मीडिया का मूल्यांकन करना और हमलों से उसकी रक्षा करना और साथ ही कर्तव्य के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पत्रकारों को श्रद्धांजलि देना है। कार्यक्रम का संचालन संदीप श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर अखिलेश तिवारी सुट्टा,सोम मिश्रा,कौशल किशोर,हरिशचन्द्र नायक,आयुष त्रिपाठी,सार्थक नायक,शौकीन खान,नितिन मोदी,सुनील जैन डीकू,संजू परिहार,कुलदीप यादव,विकास अग्रवाल,सुरेश सोनी सरसैड़ा आदि पत्रकार मौजूद रहे।
