झांसी में रेलवे हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में भीषण आग लग गई। इससे पूरे OT जलकर खंडहर बन गया। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, वहां कोई मरीज मौजूद नहीं था। हालांकि, कुछ मरीजों के आज यहां ऑपरेशन होने थे। मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। बता दें कि झांसी रेल मंडल के हॉस्पिटल में बड़ी तादाद में मरीज भर्ती होते हैं। बुधवार को यहां गर्भवती महिलाओं को ऑपरेशन की डेट दी गई थी। साथ ही ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन की तैयारियां भी चल रही थीं। इसी बीच सुबह 9.45 बजे OT के मुख्य एरिया में धुंआ उठने लगा। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता आग विकराल हो गई। देखते ही देखता पूरा OT एरिया जलने लगा। ऐसे में वार्ड में भर्ती मरीजों को भी सुरक्षित किया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 1 घंटे की मेहनत से आग पर काबू पा लिया।
