जय किसान संगठन की न्याय पदयात्रा ने प्रशासन को किया मजबूर – किसानों की जिद और जनसैलाब के आगे झुका सिस्टम
शरद अग्रवाल पत्रकार दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/ केन-बेतवा नदी जोड़ परियोजना से प्रभावित 26 गांवों के सैकड़ों किसान आज 15 अप्रैल को भीषण गर्मी में 23 किलोमीटर पैदल चलकर सटई से छतरपुर पहुंचे और कलेक्ट्रेट का सांकेतिक घेराव किया। जय किसान संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर के नेतृत्व में निकली इस न्याय पदयात्रा ने प्रशासन को सकते में डाल दिया।
प्रशासन रहा सतर्क, भारी पुलिस बल तैनात
किसानों के जोश और जनसैलाब को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। यात्रा मार्ग में विभिन्न जगहों पर -भारी पुलिस बल-तैनात किया गया। छतरपुर एसडीएम -अखिल राठौर, बिजावर एसडीएम और सटई तहसीलदार ने कई बार किसानों को यात्रा रोकने और ज्ञापन देने तक सीमित करने का प्रयास किया, लेकिन किसान टस से मस नहीं हुए।
प्रशासन को करनी पड़ी पहल – बनी समाधान समिति
किसानों के संगठित प्रदर्शन और जनसमर्थन के दबाव में आखिरकार प्रशासन को सार्थक पहल करनी पड़ी। कलेक्टर छतरपुर ने एसडीएम के निर्देशन में एक समिति गठित कर दी है जो किसानों की शिकायतें सुनेगी और हर मुद्दे पर संभावित निराकरण पर कार्य करेगी। जल्द ही इस समिति की कलेक्टर के साथ बैठक होगी जिसमें पुनर्वास, मुआवज़ा, ग्राम सभाएं और सर्वेक्षण जैसे मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जाएंग
किसानों ने दी चेतावनी – अगला प्रदर्शन होगा निर्णायक
प्रशासन की इस पहल का जय किसान संगठन ने स्वागत किया है और कहा है कि यदि प्रशासन ईमानदारी से समाधान की ओर बढ़ता है तो किसान सहयोग करेंगे। लेकिन यदि प्रशासन अपनी बातों से पीछे हटा, तो आज का प्रदर्शन सिर्फ सांकेतिक था आने वाला प्रदर्शन बहुत बड़ा, व्यापक और निर्णायक होगा।
मुख्य मांगें एक बार फिर दोहराईं गईं
1. सभी प्रभावित गांवों में पुनः ग्राम सभाएं हों।
2. निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वेक्षण दोबारा कराया जाए।
3. भूमि के बदले भूमि, उचित मुआवज़ा और पुनर्वास की गारंटी हो।
4. महिलाओं, आदिवासियों और ग्राम प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
5. पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के वैकल्पिक उपाय खोजे जाएं।
व्यापक समर्थन
न्याय पदयात्रा को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज यादव ने छतरपुर आकर और आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष व महापौर
श्रीमती रानी अग्रवाल सहित कई सामाजिक संगठनों ने समर्थन पत्र सौंप समर्थन दिया। परियोजना प्रभावित पन्ना जिले के गहदरा गांव के पूर्व सरपंच बबलू यादव ने कहा कि यह यात्रा अब केवल 26 गांवों का आंदोलन नहीं, बल्कि जनग्राम की आवाज़ बन चुकी है। न्याय पदयात्रा के सहसंयोजक बब्लु यादव, बहादुर आदिवासी, दिव्या अहिरवार ने कहा कि परियोजना को कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करके ही आगे बढ़ाया जाना चाहये
