छतरपुर/कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को केन बेतवा लिंक (राष्ट्रीय) परियोजना के कॉर्डिनेशन कमेंटी की बैठक नगर परिषद खजुराहो के सभा कक्ष में आयोजित की गई। इस परियोजना से कुल 14 प्रभावित ग्रामों के भूमि धारकों को मुआवजा राशि, भूमि अधिग्रहण व वन भूमि के बदले शासकीय भूमि हस्तांतरण में लंबित समस्याओं के निराकरण एवं आने वाली समस्याओं के संबंध में समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र संचालक अंजना तिर्की, डिप्टी कलेक्टर जीएस पटेल, एसडीएम बिजावर विजय द्विवेदी, एसडीएम राजनगर प्रशांत अग्रवाल, निर्माण एजेंसी एनसीसी (नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी) के अधिकारी, सहित केन बेतवा लिंक परियोजना के अधिकारी, डब्ल्यूआरडी एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने केन बेतवा लिंक परियोजना के प्रभावित ग्रामों, अधिग्रहित भूमि की राशि, भुगतान शेष रहने की स्थिति, आबादी भूमि के अवार्ड, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन के तहत विशेष पैकेज एवं पन्ना टाईगर रिजर्व को प्रस्तावित भूमि एवं भुगतान हेतु आने वाली समस्याओं आदि बिन्दुओं की समीक्षा की।
बैठक में बिजावर एसडीएम ने बताया कि केन बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित 14 ग्रामों में 9 डूब क्षेत्र से प्रभावित ग्राम पलकौंहा, सुकवाहा, खरयानी, ढोढ़न, कुपी, शहपुरा, भोरखुवा, बसुधा, घुघरी हैं। साथ ही 14 ग्रामों में अवार्ड हो गया है साथ ही जिन प्रकरणों में भुगतान शेष है उनमें न्यायालयीन प्रकरण, पुत्रियां एवं ग्राम से बाहर कार्य करने गए खातेदार, सहखातेदार के मध्य आपसी हिस्से को लेकर विवाद आदि के संबंध में कलेक्टर श्री जैसवाल ने भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए एसडीएम बिजावर को निर्देशित किया। उन्होंने कहा अनुभाग एवं जिला स्तर से कोई भू-अर्जन एवं मुआवजे संबंधित प्रकरण लंबित न रहे।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने आबादी भूमि के अवार्ड में कुल एकत्र खातों में लगभग 5 करोड़ के भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए और ग्रामों का पुनः मुल्यांकन एवं विशेषरूप से ढोढ़न गांव का मूल्यांकन जल्द कराने और शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन के तहत विशेष पैकेज की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां जहां पर समस्याएं एवं शंका की स्थिति है वहां एसडीएम एवं डब्ल्यूआरडी की टीम भेजकर ग्रामसभा का आयोजन कर लोगों को जरूरी समझाईस देते हुए स्वयं सहमति से पुर्नवास के संबंध में प्रेरित करने के निर्देश दिए।
साथ ही पन्ना टाईगर रिजर्व को हस्तांतरित रकवा द्वारा कब्जा प्राप्ति स्वीकृति का रकवे वाले ग्राम जिसमें घुघरी, विनेका वीरान, बिला, सुरई, रायचौर, डुगरिया, कदवारा, ककरा, पठापुर एवं नौगुवा के अतिक्रमण से मुक्त कराकर संबंधित स्थानों के एसडीएम को कब्जा दिलवाने के निर्देश दिए और मुनारे बनाकर मार्किंग करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि केन बेतवा प्रोजेक्ट की एक-एक गांव की खुली भूमि को कब्जा मुक्त कराएं।
