शरद अग्रवाल पत्रकार दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छतरपुर जिले के एनआईसी कक्ष में कार्यक्रम का आयोजन कर साक्षर महिलाओं का सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से लाइव प्रसारण को जिले की सभी संकुल स्तरीय संगठन की दीदियों को दिखाया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके योगदान को पहचान देने के लिए जागरूकता फैलाना था। साथ ही, सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र नौगांव से भी दीदियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। जिले की सर्वाधिक साक्षर दीदियों को आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक श्याम गौतम द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन सम्मानित महिलाओं में हेमलता प्रजापति, रानी यादव, रामकुंवर रजक, और साधना नायक शामिल रहीं। इन महिलाओं ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से न केवल स्वयं को सशक्त बनाया। बल्कि समाज में अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनीं। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर विशेष चर्चा की गई। इनमें से कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार कर रही हैं और अपने परिवार एवं समाज को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही हैं। कार्यक्रम में जिले से जिला प्रबंधक सुमित खरे, प्रतिमा गुप्ता, सहायक जिला प्रबंधक रेखा शुक्ला, वंदना जैन, युवा सलाहकार रूचि सैनी, कम्प्यूटर ऑपरेटर पंकज नामदेव, रामकिशोर पाण्डेय एवं जिले अंतर्गत संचालित 32 संकुल स्तरीय संगठन के महिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
