बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की खस्ता हालत के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व प्रदेश सचिव योगेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। अस्पताल में गंभीर समस्याएं सामने आई हैं। बिजली की कमी के कारण मरीजों का इलाज मोबाइल टॉर्च की रोशनी में किया जा रहा है। जन औषधि केंद्र होने के बावजूद डॉक्टर बाहर की महंगी दवाएं लिख रहे हैं। मरीजों को मजबूरन बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है। वार्ड बॉय, आया और स्वीपर मरीजों को इंजेक्शन लगा रहे हैं। डॉक्टर अपने निजी क्लिनिक में मनमानी फीस वसूल रहे हैं। मरीजों को बिना वजह रेफर किया जा रहा है।
महिला अस्पताल में गरीब गर्भवती महिलाओं से रुपयों की मांग की जा रही है। पैसे न देने पर उन्हें रेफर कर दिया जाता है। सपा कार्यकर्ताओं ने महिला वार्ड, बच्चा वार्ड, पुरुष वार्ड और सर्जिकल वार्ड में 24 घंटे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की मांग की है। हाल ही में एक वृद्ध व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उसने अपनी पुत्री के इलाज के लिए महंगी दवाएं खरीदने की मजबूरी को रोते हुए बयान किया। सपा नेताओं ने अस्पताल में सफाई, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति पर भी आरोप लगाए हैं।
Please follow and like us:
