बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज़
- डी.ई.सी. और एल्वेंडाजोल की दवा बचाएगी हाथी पांव रोग से: पूर्व विधायक श्री पिरौनिया
भाण्डेर । विकासखण्ड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डीईसी और एल्वेंडाजोल की दवा खानी है। इन दवाओं के वर्ष में एक बार सेवन करने से हम हाथीपांव रोग से बचे रहेंगे और अपने ब्लॉक को फायलेरिया उन्मूलन की दिशा में ले जा पायेंगे। उक्त विचार पूर्व विधायक घनश्याम पिरौनिया ने आज भाण्डेर स्वास्थ्य केन्द्र में मॉस ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एम.डी.ए.) कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किये। श्री पिरौनिया ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर 10 फरवरी, 2025 से 25 फरवरी, 2025 तक चलने वाले कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर श्री गोपालकृष्ण शर्मा, श्री पन्नी लल्ला यादव, श्री अशोक रजक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमन्त मण्डेलिया, मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी भाण्डेर डॉ. आर.एस. परिहार, जिला मलेरिया अधिकारी दतिया डॉ. जयंत यादव, श्री नागेन्द्र सिंह जिला मलेरिया अधिकारी सिंगरौली, श्री अतुल अग्निहोत्री पीसीआई जिला कॉर्डीनेटर, श्री दिनेश यादव प्रभारी फायलेरिया, श्री आशीष दोहरे एमएसजी उपस्थित रहे।
श्री पिरौनिया ने उपस्थित आमजन एवं अधिकारियों से हाथी पांव रोग से बचाव करने वाली दवाओं को लेने के साथ ही मच्छरों से बचाव रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हमारे घरों के आस-पास साफ-सफाई हो, साथ ही गंदे पानी का निकासी का सुरक्षित प्रबंधन हो। ताकि फायलेरिया रोग फैलाने वाले मच्छर से होने वाले संक्रमण को रोका जा सके। समय-समय पर कीटनाशक दवाओं का भी उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र में सभी पात्र हितग्राहियों को हाथीपांव रोकथाम के लिए दवा सेवन अपने सामने कराएं। इस बात का खास ध्यान रखें कि कोई भी व्यक्ति दवा सेवन करने से ना चूके। इसके अलावा सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी भी दवा सेवन करने के साथ ही आमजन को दवा सेवन करने के लिए प्रेरित करें।
