बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । मूंगफली खरीद केंद्र की अनियमितताओं के विरोध में पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे तीन किसानों को प्रशासन ने जबरन अस्पताल में भर्ती कराया है। जैतपुर विकास खंड के अकौना गांव के मूंगफली खरीद केंद्र पर रजिस्टर्ड किसानों की फसल नहीं खरीदी जा रही थी। जिसके विरोध में किसान धरने पर बैठे थे। टिकरिया गांव के रामपाल भगत समेत तीन किसानों को देर रात एसडीएम और कोतवाली पुलिस ने तबीयत खराब होने का हवाला देकर कुलपहाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, किसानों का कहना है कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक थी। भगत जी के अलावा सूरज प्रसाद और पवन सिंह को भी अस्पताल में भर्ती किया गया है
किसानों का आरोप है कि खरीद केंद्र पर बिचौलियों की मूंगफली की खरीद की जा रही है। जबकि रजिस्टर्ड किसानों की फसल केंद्र के बाहर पड़ी हुई है। प्रशासन ने किसानों को 10 दिन के भीतर खरीद केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगें पूरी नहीं की गई, तो वे डीएम कार्यालय के बाहर आमरण अनशन करेंगे। फिलहाल किसान संगठन के सदस्य अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए हैं।
Please follow and like us:
