बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज़
ललितपुर – यातायात पुलिस ललितपुर द्वारा एनएच-44 हाइवे पर ओवर स्पीड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौराहों तिराहों पर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, क्षमता से अधिक सवारी के खिलाफ भी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मुश्ताक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण कुमार मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात आलोक कुमार तिवारी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से एनएच-44 हाइवे पर स्पीड रडार गन से वाहनों के गति की जांच की गई और अनुमन्य गति सीमा से अधिक गति पाए जाने पर 23 वाहनों का एम. वी. एक्ट की सुसंगत धाराओं में चालान किया गया। वाहन चालकों/परिचालकों को यातायात के नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया जैसे-फाग लाइट का क्रियाशील होना और उचित प्रयोग, हाई बीम लो बीम का उचित प्रयोग, लेन ड्राइविंग, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करना, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाना, बिना बीमा के वाहन न चलाना, माल वाहक वाहनों में सवारी आदि न बैठाने के लिए जागरूक किया गया।
उक्त के अतिरिक्त यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया और प्रवर्तन की कार्यवाही के अंतर्गत 126 वाहनों का एम. वी. एक्ट की विभिन्न धाराओं में चालान किया गया।
