झांसी-उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सकुशल आयोजन के दृष्टिगत आज दिनांक 05.06.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति एवं जिलाधिकारी झांसी श्री गौरांग राठी द्वारा संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद झांसी में दिनांक 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगभग 68,000 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अभ्यर्थियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने हेतु जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित कुल 974 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थियों को त्वरित सहायता प्रदान की जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
