नगर पंचायत मोंठ कार्यालय में प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप को लेकर प्रशासन द्वारा चस्पा किए गए आदेश के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार पूर्व में कई पार्षदों ने लिखित शिकायत कर आरोप लगाया था कि नगर पंचायत के विकास कार्यों और अन्य कार्यालयी प्रक्रियाओं में अध्यक्ष प्रतिनिधियों व पार्षद प्रतिनिधियों द्वारा दबाव बनाकर हस्तक्षेप किया जा रहा है।
इसी शिकायत के आधार पर नगर पंचायत कार्यालय में एक आदेश चस्पा किया गया, जिसमें शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया कि निर्वाचित अथवा पदेन पदाधिकारियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति बैठकों में शामिल नहीं होगा और अभिलेखों के अवलोकन की अनुमति भी नहीं दी जाएगी।
आदेश में सभी निर्वाचित सदस्यों से अपने प्रतिनिधियों को कार्यालयी कार्यों में अनाधिकृत हस्तक्षेप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
