गुरसरांय (झांसी)। थाना गुरसरांय क्षेत्र के ग्राम मडो़री में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंकित प्रजापति (32) पुत्र लक्ष्मण प्रजापति निवासी पायगा मोहल्ला,थाना गुरसरांय के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित प्रजापति दो भाइयों में छोटा था और उसका विवाह हो चुका था। उसके परिवार में पत्नी और दो साल का एक छोटा बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय एवं थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल,मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। बताते चले मृतक युवक अंकित प्रजापति 9 अप्रैल को देर शाम बाइक से घूमने के लिए घर कहकर निकला था और 10 अप्रैल शुक्रवार को इसकी जानकारी जब मडो़री गांव के लोगों ने दी तो तुरंत सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरसरांय इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह समेत पूरी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और समाचार लिखे जाने समय तक मृतक का भाई ना आने के चलते इस संबंध में थाने में तहरीर का इंतजार हो रहा था। डिप्टी एसपी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय की देखरेख में पुलिस प्रशासन हर एंगल से जांच करने में जुटा हुआ था उधर मृतक के परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
